सीधी विधायक ने विधानसभा में नगरीय विकास एवं आवास विभाग का उठाया मुद्दा

सीधी। विधायक श्रीमती रीती पाठक ने मध्यप्रदेश विधानसभा में नगरीय विकास एवं आवास विभाग से जुड़े सीधी नगर के महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पुराने बस स्टैंड परिसर में प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण, अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई तथा सीवर लाइन परियोजना की स्वीकृति जैसे विषयों पर सरकार से जवाब मांगा।
विधानसभा में उठाए गए प्रश्न में श्रीमती रीती पाठक ने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व राज्य सरकार द्वारा पुराने बस स्टैंड को हटाकर नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने हेतु 7 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, किंतु अब तक न तो निविदा प्रक्रिया प्रारंभ हुई और न ही निर्माण कार्य शुरू हो सका। उन्होंने कार्य में देरी के कारणों एवं निर्माण प्रारंभ होने की समय-सीमा स्पष्ट करने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने सीधी नगर पालिका क्षेत्र में बिना रेरा पंजीयन के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों का मुद्दा भी सदन में उठाया। पिछले तीन वर्षों में चिन्हांकित अवैध कॉलोनियों की संख्या एवं उन पर की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी मांगी, ताकि आम नागरिकों को अवैध प्लॉटिंग से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। श्रीमती रीती पाठक ने सीधी नगर के लिए लंबे समय से लंबित सीवर लाइन निर्माण परियोजना की प्रशासकीय स्वीकृति को लेकर भी प्रश्न किया और कहा कि बढ़ती आबादी के मद्देनजर व्यवस्थित सीवरेज व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। विधानसभा में इन जनहित के विषयों को उठाकर श्रीमती रीती पाठक ने सीधी नगर के अधोसंरचनात्मक विकास और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में अपनी सक्रियता दर्शाई है।













