बैढ़न में रोज़ा इफ्तार का भव्य आयोजन
आइडियल सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने पेश की सामाजिक सद्भाव की मिसाल

सिंगरौली। पवित्र रमजान माह के अवसर पर आइडियल सोशल वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में भव्य रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा सभी वर्गों और समुदायों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
मगरिब की अज़ान के साथ ही सामूहिक रूप से रोज़ा इफ्तार किया गया। रोजेदारों ने खजूर और पानी के साथ अपना रोज़ा खोला और देश-प्रदेश की खुशहाली, अमन और तरक्की की दुआ की।
भाईचारे और एकता का संदेश
कार्यक्रम में वक्ताओं ने रमजान की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रोज़ा आत्मसंयम, त्याग, सेवा और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, एकता और समरसता को मजबूत करते हैं।सोसाइटी के अध्यक्ष मोहम्मद उमर, सचिव मोहम्मद इमरान, उपाध्यक्ष मोहम्मद इलियास खान तथा विधिक सलाहकार अधिवक्ता उसैद हसन सिद्दीकी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और जरूरतमंदों की सेवा करना है।
दुआओं के साथ समापन
कार्यक्रम के अंत में सभी रोजेदारों ने देश एवं प्रदेश की सुख-शांति, उन्नति और आपसी भाईचारे के लिए सामूहिक दुआ की। अतिथियों ने सफल आयोजन के लिए सोसाइटी के पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक सद्भाव और आपसी एकता का भी सशक्त संदेश दे गया।













