माड़ा के अमिलिया में लकड़बग्घे का हमला
शौच के लिए बाहर गई 60 वर्षीय महिला पर झपटा जंगली जानवर, कलाई गंभीर रूप से जख्मी; जिला अस्पताल में इलाज जारी

सिंगरौली- जिले की माड़ा तहसील अंतर्गत अमिलिया ग्राम में सोमवार तड़के दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शौच के लिए घर से बाहर गई 60 वर्षीय महिला पर लकड़बग्घे ने हमला कर दिया। हमले में महिला की एक हाथ की कलाई बुरी तरह जख्मी हो गई।
घायल महिला की पहचान मान कुमारी विश्वकर्मा (पति सिंहलाल विश्वकर्मा) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, महिला रोज की तरह सुबह शौच के लिए बाहर गई थीं, तभी घात लगाए बैठे लकड़बग्घे ने उन पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं।उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर सिंगरौली में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कलाई में गहरा जख्म है और संक्रमण रोकने के लिए विशेष इलाज किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत की खुली पोल
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। आरोप है कि ग्राम पंचायत में शौचालय निर्माण नहीं कराया गया, जिसके कारण लोगों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
वन विभाग सतर्क
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव पहुंची और आसपास के इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले बाहर न जाने की सलाह दी गई है।यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और जंगली जानवरों के बढ़ते खतरे को उजागर करती है।













