बैढ़न–बरगवां रोड पर देर रात भीषण टक्कर
तेज रफ्तार बल्कर ने बोलेरो को मारी सामने से जोरदार टक्कर, मरीज समेत सवार लोग बाल-बाल बचे

सिंगरौली। बैढ़न–बरगवां मुख्य मार्ग पर कन्नई रोड स्थित सीएम राइज विद्यालय के सामने देर रात एक तेज रफ्तार बल्कर वाहन ने बोलेरो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के दोनों आगे के चक्के निकलकर सड़क पर अलग जा गिरे और वाहन बीच सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में खड़ा रह गया।
गनीमत रही कि बोलेरो में सवार मरीज और उनके परिजन बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद बल्कर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार लोग मरीज को लेकर जा रहे थे। तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया।
पुलिस का कहना है कि बल्कर वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर बढ़ती तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग की है।













