कटनी में चीतल का अवैध शिकार: 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में वन विभाग ने चीतल के अवैध शिकार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत की गई। आरोपी पालतू कुत्तों की मदद से चीतल का शिकार करने के बाद जश्न मना रहे थे, तभी वन विभाग की टीम ने दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार घटना 28 फरवरी 2026 की रात लगभग 10 बजे की है। विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत बीट बरहटा के कक्ष क्रमांक आरएफ-47 में कुछ लोगों द्वारा संरक्षित वन्य प्राणी चीतल का अवैध शिकार किया गया था। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में वन विभाग की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को 2 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और अवैध शिकार जैसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत विभाग को दें।













