बेटियों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य के लिए एचपीवी टीका अवश्य लगवाएः- कलेक्टर की आम जन मानस से अपील

सिंगरौली – कलेक्टर गौरव बैनल ने जिला सिंगरौली की समस्त जनता से अपील है कि 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं को (जिन्होंने 14 वा जन्मदिन मना लिया हों लेकिन 15वा जन्मदिन नहीं मनाया हों ) एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीका अवश्य लगवाएँ। उन्होने कहा कि यह टीका भविष्य में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव का प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है।भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत यह टीका जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार, मोरवा, देवसर, निवास, सरई, चितरंगी एवं बैरदाह पर निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है, जिसे समय पर टीकाकरण द्वारा काफी हद तक रोका जा सकता है। वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित यह टीका सुरक्षित है और किशोरावस्था में लगवाने पर अधिक प्रभावी होता है। अतः आप सभी अभिभावकों से आग्रह है कि अपनी बेटियों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य के लिए उन्हें निर्धारित तिथि एवं स्थान पर एचपीवी टीका अवश्य लगवाएँ। किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, आशा कार्यकर्ता या आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क करें।आइए, मिलकर सिंगरौली को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम बढ़ाएँ।













