एनसीएल जयंत जीएम कार्यालय के सामने वर्करों का धरना, भोजन व सुरक्षा पर गंभीर आरोप

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के जयंत परियोजना स्थित जीएम कार्यालय के सामने सोमवार को चड्ढा कंपनी के वर्करों ने धरना-प्रदर्शन किया। वर्करों का आरोप है कि जयंत क्षेत्र में ओवरबर्डन (मिट्टी हटाने) का कार्य कर रही चड्ढा कंपनी द्वारा मजदूरों के लिए मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने आरोप लगाया कि कंपनी के मेस में जो भोजन दिया जा रहा है, वह गुणवत्ता के मानकों पर खरा नहीं उतरता। उनका कहना है कि भोजन की स्थिति ऐसी है कि “इंसान तो क्या, जानवर भी न खाएं।” वर्करों ने इसे स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ बताया।
मजदूरों का कहना है कि सेफ्टी नियमों के तहत श्रमिकों के खानपान, स्वास्थ्य और कार्यस्थल की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए, लेकिन इन मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एनसीएल जयंत प्रबंधन की मिलीभगत से यह स्थिति बनी हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो गंभीर बीमारी या अन्य अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
वर्करों ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।













