उमरिया के चंदिया वन क्षेत्र में बाघ का शव मिलने से हड़कंप, जांच शुरू

उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के चंदिया वन क्षेत्र में शनिवार, 13 दिसंबर की देर शाम एक बाघ का शव मिलने से वन विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। बाघ का शव नियमित बाघ गणना के दौरान सामने आया, जिसके बाद उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, उमरिया के सामान्य वन मंडल अंतर्गत चंदिया वन परिक्षेत्र में इन दिनों बाघ गणना का कार्य चल रहा है। इसी दौरान वनकर्मियों ने आरएफ-10 क्षेत्र में कथली नदी के किनारे एक बाघ का शव देखा। शव दिखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद जिस स्थान पर बाघ का शव मिला, वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई और सघन निरीक्षण शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही जिला वन अधिकारी विवेक सिंह के निर्देशन में एसडीओ कुलदीप त्रिपाठी सहित चंदिया वन परिक्षेत्र का पूरा अमला मौके पर पहुंच गया। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल बाघ की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
वन विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार के सबूत नष्ट न हों, इसके लिए क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है और जंगल में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जांच को और प्रभावी बनाने के लिए डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है।
एसडीओ कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि बाघ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या आपराधिक गतिविधि सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना ने वन्यजीव सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











