वार्ड 41 के इंदिरा छठ घाट पर तैयारियां पूरी, हजारों श्रद्धालु करेंगे सूर्योपासना
नगर निगम ने 15 दिनों से चलाया विशेष सफाई अभियान, एसडीएम और महापौर रानी अग्रवाल ने किया घाट का निरीक्षण

सिंगरौली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 41 स्थित इंदिरा छठ घाट पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। घाट की साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पर्व के अवसर पर यहां हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जो भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना करेंगे।उल्लेखनीय है कि वार्ड के पूर्व पार्षद प्रतिनिधि स्वर्गीय अर्जुन गुप्ता के प्रयासों से इस छठ घाट का निर्माण कराया गया था। समय के साथ यह घाट वार्डवासियों के साथ आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है।
छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एसडीएम सहित प्रशासनिक अमले और नगर निगम महापौर रानी अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों के साथ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।
नगर निगम की ओर से पिछले करीब 15 दिनों से मुख्य मार्ग से छठ घाट तक पहुंचने वाले रास्ते और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। पर्व के दौरान भी स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी की गई है। वहीं वार्ड पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि और वार्डवासी भी लगातार घाट की देखरेख में जुटे हुए हैं।
छठ महापर्व को लेकर वार्ड क्रमांक 41 में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु पूजा की तैयारियों में जुटे हैं और घाट पर बड़ी संख्या में व्रतधारियों एवं उनके परिजनों के पहुंचने की उम्मीद है।













