ऐश पाइप क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर फैली राख, एनटीपीसी ने शुरू कराया सफाई और मरम्मत कार्य
वार्ड 36 के पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने उठाया मामला, ऐश विभाग के उप महाप्रबंधक आलोक सिंह ने मौके पर पहुंचकर संभाली व्यवस्था

सिंगरौली। एनटीपीसी जयनगर में ऐश पाइप क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर बड़ी मात्रा में राख फैल गई, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी के साथ प्रदूषण संबंधी असुविधा का सामना करना पड़ा। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने समस्या को संबंधित विभाग के संज्ञान में लाकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पार्षद द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद मानव संसाधन और संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई के लिए सूचित किया गया। इसके बाद ऐश विभाग के उप महाप्रबंधक आलोक सिंह मौके पर पहुंचे और अपनी देखरेख में सड़क की सफाई तथा क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू करवाया।
अधिकारी ने आश्वासन दिया कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तकनीकी स्तर पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। सड़क पर फैली राख से परेशान नागरिकों को सफाई और मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद राहत मिलने की उम्मीद है।













