बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

पिछोर को जिला बनाने की मांग फिर तेज, मंजूरी मिली तो बनेगा मध्यप्रदेश का 56वां जिला

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रस्ताव प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के सामने रखने की बात कही, बीना, नागदा, चाचौड़ा और पिपरिया को जिला बनाने के प्रस्ताव भी चर्चा में

भोपाल। मध्यप्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। शिवपुरी जिले के अंतर्गत आने वाले पिछोर को अलग जिला बनाने की पुरानी मांग ने जोर पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन के दौरान कहा कि इस मांग को प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के समक्ष रखा जाएगा। आयोग की सिफारिशों के आधार पर सरकार आगे निर्णय लेगी। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो पिछोर प्रदेश का 56वां जिला बन सकता है।

शिवराज सिंह चौहान ने भी की थी घोषणा

पिछोर को जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। अगस्त 2023 में विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रीतम लोधी की जीत पर पिछोर को जिला बनाने की घोषणा की थी। चुनाव में जीत के बाद भी जिला गठन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। स्थानीय स्तर पर इस मांग के पीछे प्रशासनिक सुविधा को प्रमुख कारण बताया जाता है। पिछोर से शिवपुरी जिला मुख्यालय की दूरी 100 किलोमीटर से अधिक है, जिससे लोगों को सरकारी कामकाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

प्रस्तावित जिले में पिछोर के साथ खनियाधाना, बामोरकलां, करैरा तहसील के कुछ हिस्सों और दतिया जिले के कुछ क्षेत्रों को शामिल किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इसकी अंतिम सीमा आयोग की सिफारिश और सरकार के निर्णय के बाद ही तय होगी।

जनगणना के बाद हो सकेगा सीमाओं में बदलाव

नए जिले के गठन की प्रक्रिया में जनगणना भी अहम भूमिका निभा रही है। प्रशासनिक सीमाओं को 31 दिसंबर 2025 से स्थिर किए जाने के कारण जनगणना पूरी होने तक सीमाओं में बदलाव संभव नहीं है। प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से सुझाव ले रहा है। आयोग के सदस्य मुकेश शुक्ला के अनुसार, जिला मुख्यालय से दूरी, जनसंख्या और भौगोलिक विस्तार पुनर्गठन के प्रमुख आधार होंगे।

बीना, नागदा और चाचौड़ा को जिला बनाने की मांग

पिछोर के अलावा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भी नए जिले बनाने की मांग उठ रही है। इनमें सागर जिले से अलग कर बीना, उज्जैन से नागदा, गुना से चाचौड़ा और नर्मदापुरम से पिपरिया को जिला बनाने के प्रस्ताव शामिल हैं। इसके साथ ही खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर को मिलाकर नया संभाग बनाने की मांग भी सरकार के विचाराधीन बताई जा रही है।

फिलहाल पिछोर को जिला बनाने पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। प्रस्ताव आयोग के सामने रखे जाने और उसकी सिफारिशों के बाद ही स्पष्ट होगा कि प्रदेश के प्रशासनिक नक्शे में नया जिला कब और किस स्वरूप में शामिल होगा।

Author

Related Articles

Back to top button