रमडिहा तालाब में 3 मगरमच्छों की मौजूदगी, छठ पूजा से पहले प्रशासन ने लगाया प्रतिबंध
चितरंगी एसडीएम ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत जारी किया आदेश, आगामी आदेश तक तालाब में प्रवेश और त्योहार मनाने पर रोक

सिंगरौली। छठ महापर्व और आगामी त्योहारों के दौरान संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने चितरंगी तहसील के राजस्व ग्राम रमडिहा स्थित तालाब में आम लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। तालाब में 3 मगरमच्छों की मौजूदगी के कारण यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसी अप्रिय घटना और जनहानि को रोका जा सके।
जिला वन मंडल अधिकारी के पत्र और कलेक्टर के निर्देश के बाद 13 नवंबर 2026 को एसडीएम चितरंगी देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया। करीब 100 मीटर लंबे और 80 मीटर चौड़े इस तालाब में पानी काफी गहरा है। इसी वजह से वन विभाग की टीम मगरमच्छों का रेस्क्यू नहीं कर सकी।आदेश के मुताबिक आगामी आदेश तक कोई भी व्यक्ति तालाब क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेगा। यहां त्योहार मनाने और सामान्य गतिविधियों पर भी रोक रहेगी। आदेश का पालन कराने की जिम्मेदारी एसडीओपी चितरंगी, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार चितरंगी और गढ़वा थाना प्रभारी को सौंपी गई है।
एसडीएम ने बताया कि आमजन और वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।













