कोयलखूंथ में बाइक-ऑटो की भिड़ंत, 2 घायल; मदद के लिए दौड़े क्षत्रिय कुलावंत संगठन के सदस्य

सिंगरौली। कोयलखूंथ में बाइक और ऑटो की टक्कर में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही क्षत्रिय कुलावंत संगठन के सदस्य राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल की पहचान रौंदी निवासी युवराज साकेत के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान सामने नहीं आई है।
माड़ा निवासी अशोक शाह ने हादसे की जानकारी संगठन के संस्थापक अंकित सिंह को फोन पर दी। सूचना मिलते ही ढेंका निवासी सतेंद्र सिंह और खुटार निवासी दशरथ सिंह मौके के लिए रवाना हुए। सतेंद्र सिंह सबसे पहले पहुंचे। बाद में अजीत सिंह, अम्ब्रेश सिंह, विकेश सिंह और अमित सिंह ने भी मदद की। डायल 112 की सहायता से घायलों को अस्पताल भेजा गया।
अंकित सिंह ने ट्रामा सेंटर प्रबंधन से फोन पर बात कर घायलों का बिना कागजी औपचारिकताओं में देरी किए तत्काल उपचार शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने अशोक शाह सहित सभी सहयोगियों की सराहना करते हुए आमजन से अपील की कि हादसे में घायलों की अनदेखी न करें। स्वयं मदद न कर सकें तो पुलिस, एंबुलेंस या सामाजिक संगठनों को तत्काल सूचना दें। एक फोन कॉल किसी की जान बचा सकती है।













