ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में हादसा, मशीन की चपेट में आने से कर्मचारी की उंगली कटी
बम का पार्ट तैयार करते समय हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में शनिवार सुबह काम के दौरान हादसा हो गया। फैक्ट्री के ए-4 नॉन फिलिंग सेक्शन में बम का पार्ट तैयार करते समय कर्मचारी तेजभान सिंह की उंगली मशीन की चपेट में आकर कट गई। घायल कर्मचारी का एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। तेजभान सिंह मशीन पर बम का एक हिस्सा तैयार कर रहे थे। इसी दौरान मशीन का लीवर दबाते समय उनकी उंगली उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद सहकर्मियों ने तत्काल फैक्ट्री प्रबंधन को सूचना दी और घायल कर्मचारी को ओएफके अस्पताल पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
बताया गया कि दीपावली का अवकाश होने के बावजूद फैक्ट्री के कुछ संवेदनशील सेक्शनों में उत्पादन कार्य जारी था। अवकाश के दिन काम के दौरान हुई इस घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।













