करथुआ स्कूल में अतिथि शिक्षक भर्ती की जांच शुरू, डीईओ ने गठित की 3 सदस्यीय टीम
मैनुअल भर्ती में अनियमितता के आरोपों पर ग्रामीणों की शिकायत के बाद जांच के आदेश, अब रिपोर्ट और कार्रवाई का इंतजार

सिंगरौली। विकासखंड चितरंगी के संकुल केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करथुआ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान अतिथि शिक्षक भर्ती में कथित अनियमितताओं का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों और विरोध के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय समिति गठित की है। अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी सिंगरौली द्वारा 3 नवंबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 5101/भ्रमण/2026 के अनुसार, करथुआ संकुल केंद्र में अतिथि शिक्षक भर्ती को लेकर दूरभाष और अन्य माध्यमों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सत्र 2026-27 में मैनुअल तरीके से की गई अतिथि शिक्षक भर्ती के सभी प्रकरणों की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन और स्पष्ट अभिमत प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित संकुल प्राचार्य को भर्ती से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज जांच समिति के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है।
तीन वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के लिए जिन अधिकारियों की समिति बनाई है, उनमें श्रीमती सिमरन वाघवा, सहायक संचालक एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी बैढ़न, मान सिंह, व्यावसायिक समन्वयक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सिंगरौली और अशोक सिंह बघेल, प्राचार्य सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी शामिल हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में नियमों और पोर्टल व्यवस्था की अनदेखी कर मैनुअल भर्ती के जरिए कुछ चहेते लोगों को लाभ पहुंचाया गया, जबकि पात्र अभ्यर्थियों की उपेक्षा की गई। आदेश के अनुसार समिति को 4 नवंबर 2026 को स्थलीय जांच करनी थी।
अब जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि भर्ती प्रक्रिया में वास्तव में कोई अनियमितता हुई है या नहीं। ग्रामीणों और शिक्षित बेरोजगार अभ्यर्थियों को जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी से निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की उम्मीद है।













