धार्मिक त्योहारों का राजनीतिकरण उचित नहीं, छठ पूजा विवाद पर कांग्रेस नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं

नई दिल्ली। छठ महापर्व को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे द्वारा भाजपा पर छठ पूजा का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने जहां धार्मिक त्योहारों का राजनीतिकरण नहीं करने की बात कही, वहीं पार्टी प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने यमुना की सफाई और छठ घाटों की व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने भी महाराष्ट्र में छठ पूजा को लेकर अपनी टिप्पणी की।
चंडीगढ़ में मनीष तिवारी ने कहा कि छठ पूजा अत्यंत पवित्र त्योहार है, जिसे लोग पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक त्योहार का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। सभी पर्व श्रद्धा, समर्पण और विनम्रता के साथ मनाए जाने चाहिए, क्योंकि वे लोगों की आस्था से जुड़े होते हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने भाजपा पर धर्म और त्योहारों को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा वोटों के लिए लोगों की आस्था का इस्तेमाल करती है। उन्होंने दिल्ली में छठ घाटों की स्थिति का जिक्र करते हुए वजीराबाद घाट पर गंदगी, दुर्गंध, हड्डियां और मरी हुई मछलियां होने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर नकली घाट बनवाने और यमुना की सफाई के बजाय राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
प्रियंका कक्कड़ ने यमुना की सफाई और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता को लेकर भी सवाल उठाए। उनका दावा था कि कांग्रेस शासन के समय करीब 650 एमजीडी पानी ट्रीट करने की क्षमता थी और 15 साल बाद भी इसमें बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग 75 प्रतिशत एसटीपी बंद पड़े हैं और भाजपा ने इस दिशा में ठोस काम नहीं किया।
वहीं, मुंबई में कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि छठ पूजा बिहार और उत्तर प्रदेश से जुड़े लोगों का प्रमुख पर्व है और उन्हें इससे कोई विरोध नहीं है। हालांकि, उन्होंने महाराष्ट्र में इसके आयोजन को लेकर राजनीतिक प्रदर्शन और प्रचार पर सवाल उठाए। दलवई ने कहा कि धार्मिक मुद्दों के जरिए लोगों को संगठित करना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह धर्म के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन धर्म को सड़क पर लाने के बजाय मंदिर, मस्जिद और घर तक सीमित रखना चाहिए।













