ग्वालियर में ऑक्सीजन टैंकर में जोरदार विस्फोट, आसपास की इमारतों की दीवारें और खिड़कियां क्षतिग्रस्त
पिंटो पार्क औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री परिसर में हुआ धमाका, टैंकर पूरी तरह तबाह; राहत की बात, कोई हताहत नहीं

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित पिंटो पार्क औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक फैक्ट्री परिसर में खड़े ऑक्सीजन टैंकर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि टैंकर पूरी तरह तबाह हो गया और आसपास के मकानों तथा औद्योगिक इकाइयों की दीवारों व खिड़कियों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, विस्फोट ‘शिव कंप्रेस्ड एयर प्रोडक्ट्स’ फैक्ट्री परिसर में हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। ग्वालियर की प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतिकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि विस्फोट काफी तेज था, जिससे आसपास की कई इमारतें भी प्रभावित हुई हैं।
विस्फोट के कारणों की जांच
पुलिस के अनुसार, टैंकर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल धमाके की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। उल्लेखनीय है कि हादसे के समय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ग्वालियर पहुंचे हुए थे।













