बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप पर सीबीआई का बड़ा शिकंजा, 6 राज्यों के 13 शहरों में 33 ठिकानों पर छापेमारी

राजस्थान के नागौर-धौलपुर, मध्य प्रदेश के भोपाल-इंदौर सहित कई शहरों में कार्रवाई; लाइव सट्टा पैनल ध्वस्त, म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क से जुड़े डिजिटल सबूत जब्त

नई दिल्ली/रायपुर। महादेव ऑनलाइन बुक ऐप से जुड़े अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने पिछले कुछ दिनों में 6 राज्यों के 13 शहरों में 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई मामले के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर की गई।

सीबीआई की टीमों ने पंजाब के अमृतसर, दिल्ली, राजस्थान के नागौर और धौलपुर, मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर, छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग, गुजरात के अहमदाबाद, वडोदरा और सूरत तथा महाराष्ट्र के मुंबई और नागपुर में तलाशी ली।

कई ठिकानों पर चल रहे थे लाइव सट्टा पैनल

तलाशी के दौरान कई स्थानों पर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के लाइव पैनल संचालित होने की जानकारी सामने आई। एजेंसी ने इन पैनलों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई में बड़ी संख्या में डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और दस्तावेज जब्त किए गए हैं। सीबीआई के अनुसार, इन साक्ष्यों से सट्टेबाजी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल से जुड़े अहम तथ्य सामने आए हैं।

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में सामने आए नेटवर्क के सुराग

मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सीबीआई ने 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे 8 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था। पूछताछ के दौरान एजेंसी ने डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर उससे सवाल-जवाब किए।

जांच में सामने आया कि सट्टेबाजी नेटवर्क का मुख्य संचालन विदेश से किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाते थे और सट्टे की रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों में जमा कराते थे। इसके बाद कथित तौर पर हवाला चैनलों के जरिए रकम विदेश भेजी जाती थी।

19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में चंद्राकर

पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद 12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

अन्य आरोपियों और सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की जांच

छत्तीसगढ़ सरकार से मामला सीबीआई को हस्तांतरित होने के बाद एजेंसी ने इस प्रकरण में 2 एफआईआर दर्ज की हैं। अब विदेश में मौजूद अन्य आरोपियों, अवैध कारोबार में मदद करने वाले लोगों और कथित रूप से संलिप्त लोक सेवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।

बैंक खाता और सिम किराए पर देने वालों को चेतावनी

सीबीआई ने आम नागरिकों को आगाह किया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ अवैध गतिविधियां हैं। ऐसी गतिविधियों के लिए किसी दूसरे व्यक्ति को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान पत्र किराए पर देना अथवा इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराना भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। एजेंसी ने लोगों से इस तरह के लेन-देन और गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button