कटनी जेल के मुख्य गेट पर पुलिस अभिरक्षा से 3 आरोपी फरार, एक पकड़ाया; दो की तलाश जारी
जेल में दाखिले के दौरान पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागे आरोपी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी में शुक्रवार देर शाम पुलिस अभिरक्षा से 3 आरोपियों के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बहोरीबंद पुलिस तीनों को जिला जेल में दाखिल कराने पहुंची थी। इसी दौरान झिझरी स्थित जेल के मुख्य गेट के सामने आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकले। पुलिस ने इनमें से एक को दोबारा पकड़ लिया है, जबकि 2 अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बहोरीबंद पुलिस ने धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए राकेश, रंजीत और अभिषेक को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार देर शाम पुलिस टीम तीनों को जिला जेल कटनी में दाखिल कराने पहुंची। इसी दौरान तीनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश
स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के अनुसार, फरार हुए आरोपियों में से एक को पुलिस ने पकड़ लिया है। बाकी 2 आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जेल के मुख्य गेट के सामने हुई इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और अभिरक्षा में लापरवाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
15 करोड़ की ज्वेलरी चोरी की जांच भी चुनौती
गौरतलब है कि कटनी में करीब 15 करोड़ रुपये की किसना ज्वेलर्स चोरी का मामला पहले से ही पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। शुक्रवार को डीआईजी अतुल सिंह और आईजी प्रमोद वर्मा ने मामले की जांच की समीक्षा भी की थी। इसी बीच पुलिस अभिरक्षा से 3 आरोपियों के फरार होने की घटना ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।













