एमपी जा रही बस में यमुना एक्सप्रेसवे पर लगी आग, 40 यात्रियों को सुरक्षित निकाला
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा; पूरी बस जलकर हुई खाक

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात दिल्ली से मध्यप्रदेश जा रही एक बस में अचानक आग लग गई। बस में 40 यात्री सवार थे। चालक की सतर्कता से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे राया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास बस में आग लगी। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है।
आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने तत्काल बस रोककर सभी को बाहर निकलने में मदद की। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।













