देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण का असर, अस्पतालों में मरीजों की संख्या 20 प्रतिशत तक बढ़ी

जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 3000 से अधिक मरीज पहुंच रहे, सांस, आंखों और गले से जुड़ी शिकायतों में इजाफा

नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बढ़ता वायु प्रदूषण अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। धूल और धुएं के कारण सांस संबंधी परेशानियों के साथ आंखों में जलन, जुकाम, गले में खराश और छाती के संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, प्रदूषण बढ़ने के साथ अस्पताल में मरीजों की संख्या में करीब 15 से 20 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। ओपीडी में प्रतिदिन 3000 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।

अस्पताल में बच्चों, बुजुर्गों और पहले से अस्थमा या सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को अधिक परेशानी हो रही है। मरीज आंखों में जलन और पानी आने, लगातार जुकाम, खांसी, गले में खराश तथा सांस लेने में दिक्कत की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा चेस्ट इंफेक्शन और फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं के मामलों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।

सामान्य लोग भी हो रहे प्रभावित

प्रदूषित हवा में मौजूद बारीक धूल के कण और वाहनों सहित अन्य स्रोतों से निकलने वाला धुआं सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर फेफड़ों को प्रभावित कर सकता है। इसका असर केवल पहले से बीमार लोगों पर ही नहीं, बल्कि सामान्य रूप से स्वस्थ रहने वाले लोगों पर भी दिखाई दे रहा है।

जिला अस्पताल के कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएम लवानिया ने बताया कि प्रदूषण के चलते मरीजों की संख्या में लगभग 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ओपीडी में रोजाना 3000 से अधिक मरीज आ रहे हैं। इनमें आंखों में जलन, जुकाम, गले में खराश, चेस्ट इंफेक्शन, अस्थमा और फेफड़ों से संबंधित समस्याओं वाले मरीज शामिल हैं।

बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें

डॉ. लवानिया ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर खुद से दवा लेने से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। जिला अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं।

मास्क लगाएं, धूल-धुएं से बचें

चिकित्सकों ने प्रदूषण के दौरान घर से बाहर निकलते समय मास्क लगाने, धूल और धुएं के सीधे संपर्क से बचने तथा आंखों में परेशानी होने पर साफ पानी से धोने की सलाह दी है। गले में खराश होने पर गर्म पानी में नमक डालकर गरारे किए जा सकते हैं। अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

लगातार बढ़ता प्रदूषण अब नोएडा और ग्रेटर नोएडा में स्वास्थ्य संबंधी चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में लोगों के लिए जरूरी है कि वे सावधानी बरतें और किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें।

Author

Related Articles

Back to top button