देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

तेलंगाना के गिग वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा का कवच, 5 लाख का दुर्घटना और 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा

हैदराबाद में राहुल गांधी और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शुरू की कल्याणकारी योजना, हर डिलीवरी ट्रांजैक्शन का 1 प्रतिशत हिस्सा श्रमिकों के खाते में देने का प्रावधान

हैदराबाद। तेलंगाना में गिग वर्कर्स यानी ऑनलाइन डिलीवरी और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजना की शुरुआत की गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गिग वर्कर्स की बाइक रैली में हिस्सा लेकर ‘तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत श्रमिकों को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने का प्रावधान है। इसके साथ ही उनके लिए रेस्ट जोन बनाए जाएंगे।

राहुल गांधी ने शिल्पा रामम से जयाभेरी ग्राउंड तक निकाली गई बाइक रैली में शामिल होकर गिग वर्कर्स को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले श्रमिकों के साथ हुई बैठक में उनकी समस्याएं और मांगें सामने आई थीं। उस दौरान किए गए वादों को अब पूरा किया जा रहा है।

अपने काम का डाटा देख सकेंगे श्रमिक

राहुल गांधी ने कहा कि डिजिटल अर्थव्यवस्था में डाटा की अहम भूमिका है, लेकिन गिग वर्कर्स को अपने काम से जुड़े डाटा तक पूरी पहुंच नहीं मिलती थी। नई योजना के माध्यम से श्रमिकों को अपने काम का पूरा डाटा देखने और उस पर अधिकार पाने की सुविधा मिलेगी।

हर शहर में बनेंगे रेस्ट जोन

राहुल गांधी ने कहा कि भीषण गर्मी में गिग वर्कर्स दिनभर स्कूटर और बाइक से डिलीवरी करते हैं, लेकिन उनके आराम करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होती। इसे देखते हुए तेलंगाना सरकार हैदराबाद सहित राज्य के अन्य शहरों में रेस्ट जोन बनाएगी। इन केंद्रों पर वाई-फाई, वाहन पार्किंग और बैठने तथा आराम करने की सुविधा होगी। श्रमिक यहां जरूरत पड़ने पर सो भी सकेंगे।

हर डिलीवरी के ट्रांजैक्शन का 1 प्रतिशत मिलेगा

योजना के तहत प्रत्येक डिलीवरी से जुड़े ट्रांजैक्शन का 1 प्रतिशत हिस्सा गिग वर्कर्स के लिए निर्धारित किया गया है। राहुल गांधी के अनुसार, यह राशि पहले गिग वर्कर्स बोर्ड के पास पहुंचेगी और फिर सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के शहरों में संबंधित कंपनियों को इस व्यवस्था के तहत निर्धारित राशि देनी होगी।

भाजपा और आरएसएस पर साधा निशाना

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर गिग वर्कर्स के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गिग वर्कर्स को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानती है और उन्हें श्रमिकों के बजाय आर्थिक व्यवस्था में भागीदार के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों की शिक्षा तथा स्वास्थ्य के लिए भी सहयोग करेगी।

नई योजना से ऑनलाइन डिलीवरी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने वाले श्रमिकों को बीमा सुरक्षा, आर्थिक लाभ और आराम की सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

Author

Related Articles

Back to top button