बिरसा मुंडा जयंती से पहले भाजपा ने चलाया स्वच्छता अभियान
जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह के नेतृत्व में प्रतिमा स्थल के आसपास की गई साफ-सफाई, विधायक रामनिवास शाह सहित कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

सिंगरौली। जनजातीय गौरव और महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने प्रतिमा स्थल के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर कार्यक्रमों की शुरुआत की। भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह के नेतृत्व में आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, व्यापारियों और नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने सहभागिता की।
स्वच्छता अभियान में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार, सांसद प्रतिनिधि संतोष वैश्य, वैढ़न मंडल अध्यक्ष सौरव गुप्ता, आलोक शर्मा, पूर्व पार्षद हरिदास गुप्ता और संजय दुबे सहित अन्य लोग शामिल हुए। सभी ने मिलकर प्रतिमा स्थल के आसपास साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और देश के स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया गया।













