सिंगरौली में होली की धूम, विधायक रामनिवास शाह ने दिया समरसता का संदेश

सिंगरौली। जिले में होली का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। शहर से लेकर गांव तक रंगों और फागुआ गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। पर्व की रौनक चारों ओर साफ नजर आ रही है।
सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के सरकारी आवास पर फागुआ गीतों का विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ढोल, नगाड़े, मंजीरे और झांझ की थाप पर पारंपरिक फाग गीत गाए गए। विधायक रामनिवास शाह भी कार्यक्रम में शामिल हुए और झांझ बजाते हुए गीतों की धुन पर गुनगुनाते तथा थिरकते नजर आए। इस दौरान उन्होंने अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि होलिका दहन के साथ हमें बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही हिंदू नववर्ष के आगमन पर सभी को नई ऊर्जा और उत्साह के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा जिलेवासियों को होली और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
वहीं, जिला मुख्यालय सहित बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। दुकानों पर अबीर-गुलाल, पिचकारी और रंग-बिरंगे सजावटी सामान की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। पूरे शहर में त्योहार जैसा माहौल बना हुआ है।











