त्योहारों से पहले सिंगरौली पुलिस का फ्लैग मार्च, ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी तेज

सिंगरौली। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंगरौली पुलिस ने जिला मुख्यालय सहित सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। यह कार्रवाई 2 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में की गई।नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति, एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम, एसडीएम सुरेश जाधव एवं तहसीलदार सविता यादव की उपस्थिति में शहरी क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च थाना बैढ़न, विंध्यनगर एवं नवानगर क्षेत्र में प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्य बाजारों, चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल भ्रमण कर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया।
ड्रोन और सीसीटीवी से सतत निगरानी
जिला मुख्यालय एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर
सिंगरौली पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट एवं टिप्पणियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सामाजिक समरसता एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।











