सड़क हादसे में मृत युवक के परिजनों को प्रशासन की मदद, 50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान
जनपद सदस्य के प्रयास से एसडीएम ने दिखाई संवेदनशीलता, पीड़ित परिवार को मिली राहत

सिंगरौली। जनपद पंचायत बैढ़न अंतर्गत ग्राम पंचायत सखौहां के निवासी रमेश कुमार सोनी की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह हादसा सरई थाना क्षेत्र के बुधेर छादा में हुआ, जहां बोलेरो वाहन की टक्कर से रमेश कुमार सोनी की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही जनपद सदस्य पारसनाथ प्रजापति तत्काल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार की स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया। प्रारंभिक स्तर पर सरई तहसीलदार से सहायता की मांग की गई, लेकिन वाहन दुर्घटना की प्रकृति का हवाला देते हुए सहायता देने में असमर्थता जताई गई।
इसके बाद जनपद सदस्य द्वारा माड़ा एसडीएम नंदन तिवारी से संपर्क कर पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति और समस्या से अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को समझते हुए एसडीएम ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की।
अगले दिन बधौरा चौकी प्रभारी बी.एल. बंसल की उपस्थिति में पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। इस सहायता से गरीब परिवार को अंतिम संस्कार और अन्य आवश्यक कार्यों में राहत मिली।
जनपद सदस्य पारसनाथ प्रजापति ने एसडीएम नंदन तिवारी के इस मानवीय और त्वरित निर्णय के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारी ही समाज में प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करते हैं।












