मध्य प्रदेशसिंगरौली

थाने के सामने तेज रफ्तार बोलेरो पकड़ी, बिना लाइसेंस युवक पर कार्रवाई

अवैध हूटर, काली फिल्म और सर्च लाइट लगी गाड़ी जब्त; जियावन पुलिस की सख्ती

सिंगरौली। जियावन थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया, जहां थाने के सामने ही तेज रफ्तार में दौड़ रही बोलेरो को पुलिस ने पकड़ लिया। वाहन में अवैध हूटर, काली फिल्म और सर्च लाइट लगी होने के साथ चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार, महिंद्रा बोलेरो (क्रमांक MP66C0998) थाने के सामने तेज गति से हूटर बजाते हुए गुजर रही थी। मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक शेष नारायण दुबे ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रुकवाया और चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम पुष्पराज बैस (19), निवासी सजहर, थाना जियावन बताया।

जांच के दौरान युवक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं पाया गया। वहीं वाहन में कई अनियमितताएं भी सामने आईं—साइड और पीछे के शीशों पर काली फिल्म लगी थी, अवैध हूटर लगाया गया था और छत पर अतिरिक्त सर्च लाइट भी फिट की गई थी, जो मोटरयान नियमों का उल्लंघन है।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया और आरोपी को थाने ले जाकर उसके खिलाफ धारा 281 बीएनएस, 111/177, 3/181, 100(2)/177 मोटरयान अधिनियम एवं मोटरयान नियम 1994 के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही धारा 35(3) बीएनएस के तहत नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें।

Author

Related Articles

Back to top button