नदी में डूबने से युवक की मौत, गांव में शोक की लहर
नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सिंगरौली। जिले के महुआ गांव में एक दर्दनाक हादसे में युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान संदीप साहू के रूप में हुई है, जो शेषमान उर्फ लल्लू का पुत्र बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संदीप साहू नहाने के लिए नदी में गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता का हाल ही में निधन हुआ था, ऐसे में इस दूसरी बड़ी क्षति से परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।












