स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग सप्ताह में दो दिन संयुक्त बैठक कर योजनाओं की प्रगति की करें समीक्षा – कलेक्टर
प्रत्येक परियोजना में 05-05 आंगनवाड़ियों को मॉडल आंगनवाड़ी के रूप में विकसित करने के निर्देश, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर दिया जोर

सिंगरौली, 26 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई ।
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, कुपोषण नियंत्रण, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग संयुक्त रूप से सप्ताह में दो दिवस बैठक आयोजित कर योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करें। एसडीएम ब्लॉक स्तर पर नियमित समीक्षा बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी सुनिश्चित करें तथा नियमित संयुक्त स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं।
कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की प्रारंभिक पहचान एवं समय पर एएनसी पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासन की योजनाओं का लाभ दिलाएं। बीएमओ प्रत्येक प्रकरण का नियमित फॉलोअप करें तथा गर्भवती महिलाओं का प्रसव संभावित तिथि के अनुसार परीक्षण कर समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध कराते हुए संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करें। बच्चों में गंभीर एवं मध्यम कुपोषण तथा अति कम वजन के मामलों का चिन्हांकन कर समय पर एनआरसी में भर्ती एवं उपचार कराने के निर्देश भी दिए। टीकाकरण से छूटे बच्चों के लिए कैच-अप राउंड आयोजित करने तथा कमजोर जनजातीय समूहों एवं औद्योगिक टाउनशिप में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं एवं महत्वपूर्ण उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संक्रामक एवं गैर-संक्रामक रोगों की सतत निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त सीडीपीओ को प्रत्येक परियोजना में 05-05 आंगनवाड़ियों का चयन कर उन्हें मॉडल आंगनवाड़ी के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। इन केंद्रों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बच्चों के लिए रचनात्मक एवं प्री-लर्निंग गतिविधियां संचालित की जाएं, ताकि उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो सके। बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पुष्पराज सिंह, सिविल सर्जन डॉ कल्पना रवि, प्रभारी महिला बाल विकास अधिकारी शैलेन्द्र साकेत सहित संबंधित अमला उपस्थित रहा।











