भलूगढ़ में बिना नंबर प्लेट की गाड़ी से 20 हजार रुपये से अधिक की शराब जब्त
तहसीलदार दीपेंद्र सिंह तिवारी ने पीछा कर रुकवाया वाहन, मोनार्क वाइंस से जुड़ाव की भी जांच

सिंगरौली (बरगवां)। बरगवां तहसील क्षेत्र के भलूगढ़ में गुरुवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध गाड़ी से 20 हजार रुपये से अधिक कीमत की शराब बरामद की। तहसीलदार दीपेंद्र सिंह तिवारी ने वाहन की संदिग्ध गतिविधि देखकर पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रुकवाकर तलाशी ली।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश और एसडीएम देवसर के मार्गदर्शन में क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान भलूगढ़ में बिना नंबर प्लेट का वाहन दिखाई दिया। संदेह होने पर तहसीलदार ने जांच की, जिसमें गाड़ी से शराब मिली।
प्रारंभिक पड़ताल में जब्त शराब के तार बरगवां स्थित मोनार्क वाइंस से जुड़े होने की बात सामने आई है। प्रशासन और संबंधित विभाग अब शराब के स्रोत, उसके परिवहन और आवश्यक अनुमति व दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। वाहन के मालिक, चालक और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
आबकारी विभाग की आगे की जांच और कार्रवाई के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











