जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत बिंदूल में आयोजित होगा शिविर
शिविर में आमजन की समस्याओं का होगा निराकरण, पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का मिलेगा लाभ

सिंगरौली, 26 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में जन विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत बिंदूल में शिविर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने संबंधित अधिकारियों को शिविर का सुव्यवस्थित आयोजन करने तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शिविर में ग्रामीणजन अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। इस दौरान जिला एवं खण्ड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहकर विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई करेंगे तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।
कलेक्टर श्री अस्थाना ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के तहत क्षेत्र के विद्यालयों, छात्रावासों, उचित मूल्य दुकानों, आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय पर शिविर में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।











