नारी शक्ति वंदन विधेयक पर चर्चा से पहले भाजपा का तीन दिन का व्हिप जारी
16 से 18 अप्रैल तक लोकसभा-राज्यसभा में सभी सांसदों की उपस्थिति अनिवार्य

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय दल ने अपने सांसदों के लिए तीन दिन का कड़ा व्हिप जारी किया है। पार्टी के कार्यालय सचिव शिव शक्ति नाथ बख्शी द्वारा जारी निर्देश में लोकसभा और राज्यसभा के सभी भाजपा सांसदों को 16 से 18 अप्रैल 2026 तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है।
व्हिप में स्पष्ट किया गया है कि इन तीनों दिनों के दौरान सभी केंद्रीय मंत्री और सांसद सदन में मौजूद रहें। साथ ही यह भी कहा गया है कि किसी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा और सभी सदस्यों को निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।
ऐतिहासिक चर्चा की तैयारी, विधेयक पर सर्वदलीय समर्थन की अपील
इस बीच नरेंद्र मोदी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर सभी दलों के नेताओं को पत्र लिखकर समर्थन देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल से संसद में इस महत्वपूर्ण विधेयक पर ऐतिहासिक चर्चा शुरू होने जा रही है।
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में इसे लोकतंत्र को मजबूत करने और सभी को साथ लेकर चलने की प्रतिबद्धता का अहम अवसर बताया।
महिलाओं की भागीदारी को बताया विकास की कुंजी
नरेंद्र मोदी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं की भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया और नेतृत्व में आगे लाना जरूरी है।
हर क्षेत्र में बढ़ रही बेटियों की भागीदारी
प्रधानमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि आज भारत की बेटियां अंतरिक्ष, खेल, सशस्त्र बलों और स्टार्ट-अप जैसे क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही हैं और अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने इसे देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत बताया।
संसद में पूर्ण उपस्थिति पर जोर
भाजपा द्वारा जारी इस व्हिप को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा और संभावित पारित होने के मद्देनज़र पार्टी अपने सभी सांसदों की पूर्ण उपस्थिति सुनिश्चित करना चाहती है।













