ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

रीठी रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: 25 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत

जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल के कटनी-बीना रेलखंड स्थित रीठी रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 11 बजे एक अज्ञात युवक खड़ी मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया और ऊपर से गुजर रही 25,000 वोल्ट की हाई टेंशन ओएचई लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

तेज धमाके के साथ उठीं आग की लपटें, मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही युवक इंजन की छत पर पहुंचा, वह हाई वोल्टेज तारों के संपर्क में आ गया। इसके बाद तेज धमाका हुआ और आग की लपटें उठने लगीं। धमाके की आवाज सुनते ही स्टेशन पर मौजूद यात्री और रेलकर्मी मौके की ओर दौड़े, जहां युवक बुरी तरह झुलसी हालत में पड़ा मिला।

आरपीएफ-जीआरपी मौके पर पहुंची, शव को लिया कब्जे में

घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है।

अब तक नहीं हो सकी पहचान, जांच जारी

पुलिस के अनुसार मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है। युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
जीआरपी कटनी के उप निरीक्षक अनिल मरावी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया घटना दुर्घटना प्रतीत हो रही है, लेकिन युवक किन परिस्थितियों में इंजन पर चढ़ा, इसकी गहन जांच की जा रही है।

रेलवे ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि रेलवे परिसर में सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी हालत में ट्रेनों या इंजन पर चढ़ने की कोशिश न करें, क्योंकि हाई टेंशन ओएचई लाइन बेहद खतरनाक होती है।

Author

Related Articles

Back to top button