बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

जबलपुर में दिल दहला देने वाली घटना: जलती चिता पर लेटकर युवक ने दी जान

सिहोरा के खितौला मुक्तिधाम में सुबह मचा हड़कंप, अधजली हालत में मिला शव

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा तहसील अंतर्गत खितौला क्षेत्र में रविवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। हिरन नदी किनारे स्थित मुक्तिधाम में एक युवक ने जलती हुई चिता पर लेटकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

अंतिम संस्कार के बाद सुबह दिखा भयावह मंजर

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम एक जैन परिवार द्वारा मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया था। रविवार सुबह जब परिजन पुनः स्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि चिता के ऊपर एक युवक अधजली अवस्था में मृत पड़ा है। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

मृतक की पहचान, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही खितौला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच एवं हाल ही में दर्ज गुमशुदगी के आधार पर मृतक की पहचान 27 वर्षीय शिवम उर्फ शिब्बू कोल, निवासी वार्ड क्रमांक-15, राधा कृष्ण मंदिर के पास, खितौला के रूप में की गई है।

मानसिक स्थिति कमजोर होने की बात सामने आई

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने बताया कि शिवम मानसिक रूप से कमजोर था। उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। एसआई आर.बी. मिश्रा ने बताया कि मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

घटना से क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल

इस असामान्य और दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button