जबलपुर में अधिवक्ता और आरक्षक के बीच मारपीट, मामूली विवाद ने लिया तूल
बच्चों के झगड़े से शुरू हुआ विवाद, दोनों पक्षों ने लगाए आरोप; CCTV फुटेज आया सामने

जबलपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित समीक्षा टाउन में शनिवार रात एक मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। बच्चों के बीच हुए झगड़े को लेकर अधिवक्ता और पुलिस आरक्षक के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब साढ़े 6 बजे की है, जब कॉलोनी में बच्चे खेलते समय आपस में उलझ गए। शोर सुनकर अधिवक्ता पंकज कुमार शर्मा और पड़ोस में रहने वाले आरक्षक साकेत तिवारी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
CCTV में कैद हुई घटना
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच विवाद और मारपीट होते दिखाई दे रही है। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया।
दोनों पक्षों ने लगाए आरोप
अधिवक्ता पंकज शर्मा ने आरोप लगाया है कि आरक्षक ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। वहीं, आरक्षक साकेत तिवारी ने भी अधिवक्ता पर मारपीट का आरोप लगाया है।
एफआईआर को लेकर विवाद
अधिवक्ता का कहना है कि वह करीब तीन घंटे तक सिविल लाइन थाने में बैठे रहे, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई और समझौते का दबाव बनाया गया। उन्होंने पुलिस को घटना से संबंधित CCTV फुटेज भी सौंपा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी थाने पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












