“गांव चलो, बस्ती चलो” अभियान को लेकर बैठक, जनसमस्याओं पर हुआ संवाद
देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने मंडल अध्यक्षों संग तय की आगामी रणनीति

सिंगरौली। “गांव चलो, बस्ती चलो” अभियान के तहत देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने रविवार को विधायक कार्यालय परसौना में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सहभागिता की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह की उपस्थिति में मंडल अध्यक्षों के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर तक पहुंचाने, अभियान को व्यापक रूप से सफल बनाने और प्रत्येक गांव एवं बस्ती तक संपर्क स्थापित करने पर जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने कार्यालय में पहुंचे क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर संवाद आवश्यक है।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने भी अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।












