सकरी सड़क पर हादसा: अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटा, चालक गंभीर घायल
ग्रामीणों और जेसीबी की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया

सिंगरौली। जिले के ग्राम खुटार के डीवाटोला क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज गति के कारण एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक ट्रैक्टर और उसके पहिए के नीचे दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और सड़क संकरी होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। पलटते ही चालक नीचे दब गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि घटना के बाद भी चालक की सांसें चल रही थीं, जिससे तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए जेसीबी मशीन की मदद से चालक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर सड़क बेहद संकरी है और तेज गति से वाहन चलने के कारण अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस मार्ग पर आवश्यक सुधार नहीं किए गए, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।












