मूक-बधिर बालक को सकुशल परिजनों से मिलाया, विन्ध्यनगर पुलिस की सराहनीय पहल

सिंगरौली। जिले के विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक मूक-बधिर बालक को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया गया। इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे नवजीवन बिहार एमआईजी कॉलोनी के कुछ बच्चों ने थाना पहुंचकर सूचना दी कि एक मानसिक रूप से मूक-बधिर बालक कॉलोनी में भटक रहा है और वह अपना नाम-पता बताने में असमर्थ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बालक को थाने लाकर उसकी पहचान करने का प्रयास शुरू किया।
थाना प्रभारी विन्ध्यनगर निरीक्षक अर्चना द्विवेदी ने स्वयं बालक से संवाद कर जानकारी जुटाने की कोशिश की। पूछताछ के दौरान बालक ने इशारों में एनसीएल कॉलोनी दुद्धीचुआ (जयंत) का रहने वाला होना बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए बताए गए पते पर संपर्क किया और बालक के परिजनों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने बालक को सुरक्षित उसके बुआ-फूफा के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजन भावुक हो उठे और पुलिस की तत्परता व संवेदनशीलता की प्रशंसा की।इस सराहनीय कार्य में प्रधान आरक्षक बृजेश सिंह एवं आरक्षक अशोक कुशवाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस मानवीय पहल ने एक बार फिर यह साबित किया है कि सुरक्षा के साथ-साथ सेवा और संवेदनशीलता भी पुलिस की प्राथमिकता है।












