विंध्यनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्मैक (हेरोइन) के साथ आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। सिंगरौली जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विंध्यनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में की गई।
मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम ढोंटी में दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ स्मैक बेचने के लिए पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम संतलाल उर्फ संतराम साकेत (18 वर्ष), निवासी ग्राम ढोंटी, थाना विंध्यनगर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 6 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) जिसकी कीमत लगभग 6 हजार रुपये आंकी गई है, तथा एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5 हजार रुपये) बरामद किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक रमेश प्रजापति, प्रधान आरक्षक पंकज सिंह, रमागोविंद तिवारी, कृष्ण कुमार पाण्डेय, आरक्षक राजकुमार शर्मा, अशोक कुशवाह, भोले लोधी एवं प्रताप कुमार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












