सिंगरौली में अवैध रेत परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

सिंगरौली। सिंगरौली जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी सासन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से लोड दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश कुमार प्रजापति के पर्यवेक्षण में की गई।
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर के दो ट्रैक्टर-ट्रॉली मयार नदी से अवैध रेत लोड कर बिक्री के लिए ग्राम काम की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी सासन प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप नामदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम काम में मयार नदी मार्ग पर घेराबंदी की।
कुछ ही देर में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर आते दिखाई दिए, जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गए। जांच में पाया गया कि ट्रॉली में लोड रेत का परिवहन अवैध रूप से किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से बिना नंबर के सोनालिका डीआई 34 ट्रैक्टर (कीमत लगभग 6 लाख रुपये) एवं स्वराज 733 एफई ट्रैक्टर (कीमत करीब 5 लाख रुपये) सहित ट्रॉली में लोड रेत जब्त की। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5) तथा खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जब्त वाहनों को चौकी परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप नामदेव, सहायक उपनिरीक्षक विजय अग्निहोत्री, प्रधान आरक्षक सुमत कोल, आरक्षक हेमराज पटेल, जितेंद्र सिंह, प्रवीण तिवारी, फतेह बहादुर सिंह एवं राजकुमार शाक्य की सराहनीय भूमिका रही।












