बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में रात्रिकालीन जांच अभियान, बिजली चोरी पर 22 प्रकरण दर्ज

सिंगरौली। सिंगरौली शहर संभाग में विद्युत विभाग द्वारा बिजली चोरी और अनधिकृत उपयोग के खिलाफ विशेष रात्रिकालीन सघन जांच अभियान चलाया गया। अधीक्षण अभियंता अजीत सिंह बघेल के नेतृत्व में यह कार्रवाई बकाया विद्युत देयों के कारण पहले से विच्छेदित किए गए कनेक्शनों की पुनः जांच के लिए की गई।

अभियान के तहत कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंताओं की कुल 6 टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 70 कटे हुए कनेक्शनों की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि कई उपभोक्ता विभागीय कार्रवाई के बाद भी अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे।

जांच में 42 उपभोक्ताओं के यहां विद्युत का अनधिकृत उपयोग पाया गया। इनमें से 22 उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा 135 एवं 138 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग द्वारा इन मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान टीमों ने न केवल अवैध कनेक्शनों की जांच की, बल्कि बड़े बकायादारों के खिलाफ विशेष कार्यवाही भी की। साथ ही उपभोक्ताओं को मौके पर ही बकाया राशि जमा करने के लिए समझाइश दी गई। विभाग ने समाधान योजना के तहत मिलने वाली छूट एवं सरचार्ज माफी की जानकारी भी दी और पात्र उपभोक्ताओं को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के सघन अभियान जारी रहेंगे और बिजली चोरी या अनधिकृत उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिजली बिल का भुगतान करें और नियमों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button