सड़क किनारे मोची से जूते ठीक करवाते नजर आए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा

सीधी। सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे सड़क किनारे बैठे एक मोची से अपने जूते ठीक करवाते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सांसद धौहनी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे बैठे एक मोची पर पड़ी। उन्होंने वाहन रुकवाया और बिना किसी औपचारिकता के वहीं बैठकर अपने जूते ठीक करवाए।
इस दौरान उन्होंने आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों से बातचीत भी की। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सांसद का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे सड़क किनारे बाल कटवाते नजर आए थे। उनके इस तरह के व्यवहार को लोग सादगी और आमजन से जुड़ाव के रूप में देख रहे हैं।













