ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सड़क सुरक्षा ड्यूटी में बाधा पर प्रशासन सख्त, शासकीय कार्य में हस्तक्षेप करने वालों पर FIR दर्ज

सिंगरौली,। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे सघन अभियान के दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के साथ अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा डालने की घटना सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला कलेक्टर के निर्देश एवं जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में चेक पॉइंट प्रभारी बिभा उइके के नेतृत्व में परिवहन विभाग द्वारा दुर्घटना मुक्त जिले के लक्ष्य के तहत लगातार जांच एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।


प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पुलिस, परिवहन एवं खनिज विभाग के अधिकारी-कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में दिन-रात कार्य कर रहे हैं, ऐसे में उनके साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।झुरई नाला चेक पॉइंट पर परिवहन विभाग द्वारा ओवरलोडिंग, प्रदूषण मानकों और सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज गति से वाहन भगाते हुए निकल गया। टीम ने पीछा कर उसे न्यू मधुबन ढाबा के पास रोका, जहां चालक संतोष नशे की हालत में पाया गया।

बाद में वाहन स्वामी और चालक द्वारा दबाव बनाने, धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया गया। हालांकि अधिकारियों ने संयम रखते हुए कार्रवाई जारी रखी और संबंधित आरोपियों के खिलाफ देवसर थाना में FIR दर्ज कराई गई।
आरोपियों पर BNS की धारा 132, 121(1), 296(b), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

अभियान के तहत ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल परिवहन, PUC, बीमा, फिटनेस एवं दस्तावेजों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही बिना परमिट और टैक्स वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है तथा वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, शासकीय कार्य में सहयोग करें और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें, हिंसा का नहीं।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button