एनसीएल परिवार ने जयंती अवसर पर भारतरत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को किया श्रद्धापूर्वक नमन

सिंगरौली- मंगलवार को भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में भारतरत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माता बाबा साहेब को एनसीएल परिवार द्वारा भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
एनसीएल मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कंपनी के निदेशक (कार्मिक) श्री मनीष कुमार, निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी) श्री आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय कुमार जायसवाल, कंपनी जेसीसी सदस्य—सीएमएस से श्री अजय कुमार, बीएमएस से श्री अशोक कुमार मिश्र, आरसीएसएस से श्री लाल पुष्पराज सिंह, एचएमएस से श्री अशोक पांडे तथा सीएमओएआई के प्रतिनिधि श्री सर्वेश सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षों के साथ बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए और बाबा साहेब को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उपस्थित सभी ने बाबा साहेब द्वारा प्रतिपादित समता, न्याय और समानता के मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी भारतरत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई तथा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया गया।













