एनटीपीसी विंध्याचल में फायर सर्विस वीक 2026 का शुभारंभ, सुरक्षा पर विशेष जोर

सिंगरौली। एनटीपीसी लिमिटेड के विंध्याचल परियोजना में फायर सर्विस वीक 2026 का शुभारंभ श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान बॉम्बे डॉकयार्ड अग्निकांड में शहीद हुए अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।
कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख संजीब कुमार साहा सहित सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर फायर अवेयरनेस कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए विभिन्न सुरक्षा पहलों को हरी झंडी दिखाई गई तथा कर्मचारियों को फायर सेफ्टी शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने संभावित जोखिमों की पहचान और रोकथाम पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ फायर विंग द्वारा लाइव डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत कर आधुनिक अग्निशमन तकनीकों और आपातकालीन प्रबंधन की जानकारी दी गई। साथ ही अग्नि सुरक्षा पर आधारित विशेष पुस्तिका भी जारी की गई।
यह आयोजन न केवल शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि देने का अवसर बना, बल्कि औद्योगिक सुरक्षा और आपातकालीन तैयारी को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।













