सत्यकुमारी जायसवाल के आत्मनिर्भरता की कहानी, अब ’नारी शक्ति’ से महक रहा है सिंगरौली

सिंगरौली -जब संकल्प दृढ़ हो और सरकार के प्रयासों का साथ मिले, तो सफलता की कहानी खुद-ब-खुद लिखी जाने लगती है। सिंगरौली जिले की सत्यकुमारी जायसवाल आज जिले की हजारों महिलाओं के लिए प्रेरणा का चेहरा बन चुकी हैं। “नई शक्ति वंदन अभियान“ के तहत आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में सत्यकुमारी ने न केवल अपनी सफलता साझा की, बल्कि केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।हाल ही में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सत्यकुमारी जायसवाल ने केंद्रीय कृषि मंत्री से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने मंत्री द्वारा सिंगरौली जिले के कृषि विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के जमीनी प्रभाव पर चर्चा की।
सत्यकुमारी ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि केंद्र सरकार की दूरगामी सोच और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आया है। उन्होंने कृषि एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहलों के लिए मंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
सत्यकुमारी जायसवाल ’सिंहदेव महिला किसान प्रोड्यूसर लिमिटेड’ संस्था की एक सक्रिय स्तंभ हैं। ’एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के तहत उनकी संस्था ’मिलेट’ (कोदो-कुटकी जैसे मोटे अनाज) के उत्पादन, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। सत्यकुमारी के नेतृत्व में महिलाएँ न केवल खेती कर रही हैं, बल्कि मिलेट से बने पौष्टिक उत्पादों को बाजार तक पहुँचाकर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर रही हैं।
सत्यकुमारी का कहना है, “सरकार की योजनाओं ने हमें केवल चूल्हे-चौके तक सीमित न रहकर उद्यमी बनने का साहस दिया है। आज हम खुद आत्मनिर्भर हैं और अपने साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार से जोड़ रही हैं।“संस्था के माध्यम से महिलाओं को तकनीकी प्रशिक्षण और उचित बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है और समाज में उनका मान-सम्मान बढ़ा है।सत्यकुमारी जायसवाल की यह कहानी प्रधानमंत्री के ’आत्मनिर्भर भारत’ और ’नारी शक्ति’ के विजन का जीवंत उदाहरण है। सिंगरौली जैसे उभरते जिले में एक महिला किसान का उद्यमी बनकर उभरना और केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उसे प्रोत्साहित किया जाना, यह दर्शाता है कि भविष्य की बागडोर अब सशक्त हाथों में है।













