ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

निगाही परियोजना में प्राइवेट सिक्योरिटी की बर्बरता, ग्रामीण को पीटकर अधमरा छोड़ा

बकरी चरा रहे व्यक्ति पर चोरी का शक, बेहोश होने पर दूर फेंककर फरार

सिंगरौली। जिले के नवानगर थाना क्षेत्र स्थित एनसीएल निगाही परियोजना से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि प्राइवेट सिक्योरिटी के 3-4 कर्मियों ने बकरी चरा रहे एक ग्रामीण को चोरी के संदेह में घेरकर बेरहमी से पीट दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिना किसी जांच या कानूनी प्रक्रिया के उस पर हमला किया गया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

बताया जा रहा है कि अचेत होने के बाद सिक्योरिटी कर्मियों ने उसे मृत समझकर दूर फेंक दिया और मौके से भाग निकले। बाद में स्थानीय लोगों ने घायल को देखा और घटना की जानकारी सामने आई। पीड़ित के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान, सूजन और खून के धब्बे मारपीट की भयावहता बयां कर रहे हैं।

जानकारों का कहना है कि किसी भी संदिग्ध को पकड़ने पर सिक्योरिटी कर्मियों को उसे पुलिस के हवाले करना चाहिए, न कि खुद सजा देना। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।

मामले में अब नवानगर पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजरें हैं। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हो सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button