अनियंत्रित बलकर घर में घुसा, महिला गंभीर घायल
सजहर घाटी में तेज रफ्तार वाहन का कहर; मकान क्षतिग्रस्त, अस्पताल में चल रहा इलाज

सिंगरौली। जिले के जियावान थाना क्षेत्र अंतर्गत सजहर घाटी के पास एक तेज रफ्तार बलकर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। इस हादसे में घर में मौजूद एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बलकर वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे मकान से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय घर में मौजूद श्याम काली विश्वकर्मा वाहन की चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।













