इलाज के अभाव में अधेड़ की मौत, बेटे स्कूटी से शव ले गए घर
सेमरिया अस्पताल पर लापरवाही के आरोप; एंबुलेंस न मिलने से परिजनों ने उठाया यह कदम

सीधी। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया में एक अधेड़ की कथित रूप से इलाज के अभाव में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों को शव ले जाने के लिए न एंबुलेंस मिली और न ही शव वाहन, जिससे मजबूर होकर बेटों को पिता का शव स्कूटी से घर ले जाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, रामसजीवन गुप्ता की तबीयत बुधवार रात अचानक बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें तत्काल सेमरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां समय पर इलाज नहीं मिल सका। परिजन डॉक्टर की तलाश में भटकते रहे और इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे संजीव गुप्ता ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि यदि समय पर इलाज मिल जाता, तो उनके पिता की जान बच सकती थी।
मामला यहीं नहीं थमा। मौत के बाद भी अस्पताल प्रशासन ने शव ले जाने की कोई व्यवस्था नहीं की। मजबूरन परिजनों को शव स्कूटी पर ले जाना पड़ा, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
वहीं, संबंधित डॉक्टर ने सफाई देते हुए कहा कि वे उस समय भोजन के लिए अपने कमरे में गए थे और उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी गई थी। मामले को लेकर कार्रवाई की मांग उठने लगी है।













