तीन माह में 63.54 लाख का राजस्व, सिंगरौली RTO चेकपोस्ट ने बनाया नया रिकॉर्ड
ऑनलाइन-ऑफलाइन कार्रवाई से बढ़ी आय, अवैध वाहनों पर सख्ती और जनजागरूकता अभियान का दिखा असर

सिंगरौली-जिले के RTO चेकपोस्ट ने बीते तीन माह में शासकीय राजस्व संग्रह के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। परिवहन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस त्रैमासिक अवधि में कुल ₹63,54,300 का राजस्व संग्रह किया गया, जो पिछले वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है।राजस्व संग्रह में डिजिटल माध्यमों की भूमिका काफी अहम रही। कुल राशि में से ₹50,89,500 ऑनलाइन माध्यम से तथा ₹12,64,800 ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं। इससे स्पष्ट है कि विभाग द्वारा डिजिटल प्रक्रिया को बढ़ावा देने के प्रयास सफल हो रहे हैं।
इस उपलब्धि के पीछे जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन और चेकपोस्ट प्रभारी विभा उइके के नेतृत्व को प्रमुख कारण माना जा रहा है। प्रभारी उइके ने सख्त प्रशासनिक रणनीति अपनाते हुए टीम को अनुशासित रखा और चेकिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाया, जिससे राजस्व में निरंतर वृद्धि संभव हो सकी।
चेकपोस्ट पर अवैध रूप से संचालित वाहनों, बिना परमिट एवं ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला है।परिवहन विभाग का कहना है कि आगे भी इसी तरह सघन जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो और शासकीय राजस्व में लगातार वृद्धि होती रहे।













